वाराणसी:- कोविड-19 के कारण लंबे समय से विश्व विद्यालय में पठन-पाठन का कार्यक्रम स्थगित चल रहा था। हालांकि अब विश्वविद्यालय ने इसे इसी महीने की 22 फरवरी से शुरू करने का निर्णय ले लिया है। इससे पूर्व दिनांक 17 तक सभी छात्रावास भी खोल दिए जाएंगे।
उक्त संबंध में कुलपति राकेश भटनागर की अध्यक्षता में एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बैठक में उन छात्रों को भी सम्मिलित कर उनकी राय ली गई जो कि एक लंबे अरसे से पठन-पाठन को शुरु करने की मांग कर रहे थे। वी.वी. के प्रवक्ता राजेश सिंह ने बताया कि कुलपति के साथ साथ बैठक में वी.वी. प्रशासन के अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी भी शामिल रहे।
वि.वी. प्रवक्ता के अनुसार 17 फरवरी से छात्रावासो को खोल दिया जाएगा। जिसके बाद धीरे-धीरे सभी छात्र छात्राएं अपनी उपस्थिति को विश्वविद्यालय परिसर में सुनिश्चित करेंगे। हालांकि फरवरी 22 से चलने वाली कक्षाएं संयुक्त रूप से ऑनलाइन एवम् ऑफलाइन दोनों माध्यम में चलाई जाएंगी। पठन-पाठन से संबंधित समय सारणी को जल्दी ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। हॉस्टलों को खोलने से पहले सभी मानकों का ध्यान रखते हुए 17 फरवरी से पूर्व ही उनकी मरम्मत तथा सेनेटाइजेशन कर दिया जाएगा। हास्टल में रहने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पूर्व निर्धारित कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।
आगे उन्होंने बताया कि केंद्रीय पुस्तकालय की क्षमता को बढ़ा दिया गया है। साथ ही साथ साइबर लाइब्रेरी की क्षमता को भी बढ़ा दिया गया है। कैंटीन तथा अन्य सुविधाएं भी धीरे-धीरे शुरु कर दी जाएंगी।