गाजीपुर। गुरूवार को सादात थाना क्षेत्र के कटयां गांव में एक विवाहिता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना क्षेत्र के हरदासपुर निवासी रोशनी देवी (24) की शादी करीब आठ माह पूर्व सादात क्षेत्र के कटयां निवासी विजय कुमार के साथ हुई थी। रोशनी वाराणसी के सिटी अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्य करती थी। एक दिन पूर्व वह घर आई थी। परिजनों के मुताबिक गुरुवार की सुबह चाय बनाकर परिवार वालों को देने के बाद अचानक उसकी तबियत बिगड़ने पर उसे सैदपुर ले जाया गया। यहां से रेफर होने के बाद वाराणसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। पति विजय के मुताबिक हृदय गति रुकने से उसकी मौत हो गई। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए उसकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर सीओ सैदपुर वीएस वीर कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामसअरे राय ने बताया कि मृतका के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।