प्रशासन ने संभाली कमान, ग्रामीण सुरक्षित स्थलों पर विस्थापित


चंदौली। चंद्रप्रभा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से जनपद के सदर तहसील क्षेत्र के नगई, नेकनामपुर, दुदे, भगतपुरा समेत कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। अचानक आई बाढ़ ने ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य तेज करते हुए बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। बबुरी जूनियर हाई स्कूल में राहत चौकियां बनाई गई हैं, जहां भोजन एवं पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की गई है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए विधायक रमेश जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष राणाप्रताप सिंह, एडीएम राजेश कुमार, एसडीएम सदर दिव्या ओझा, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा तथा बबुरी थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंचे। सभी अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बाढ़ चौकियों पर जाकर सुरक्षित रहने की अपील की।
उधर, मुगलसराय-चकिया मार्ग पर दो से तीन फीट पानी भर जाने से शनिवार से यातायात बंद है।
प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैदी से हालात पर नजर बनाए हुए हैं। चंद्रप्रभा नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और सुरक्षित स्थलों पर ही ठहरने की अपील की है।