नवागत एसपी ने की अपराध समीक्षा बैठक, पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर निस्तारण का दिया निर्देश
गाजीपुर। नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रविवार को जिले के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडों, माफिया और अन्य अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस बीट प्रणाली को मजबूत बनाने और सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने व उन्हें लिंक कराने की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पुलिस विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 11 अक्तूबर को आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्रों में होने वाले विभिन्न अपराधों की प्रकृति और अपराधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों सहित चिह्नित अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। सुरक्षा और साक्ष्य संकलन की दृष्टि से कैमरे लगवाने, उन्हें लिंक कराने और कंट्रोल रूम स्थापित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने, पुलिस पेंशनरों की बैठक आयोजित करने, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों और आईजीआरएस से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। ऑपरेशन दृष्टि और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं
अपराध समीक्षा बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन किया। इसमें जिले के सभी थानों और शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। उन्होंने समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ राकेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर , सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रभारी निरीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

