पलियां बुजुर्ग घाट पर स्नान के दौरान हादसा, एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई
गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के पलियां बुजुर्ग गंगा घाट पर रविवार सुबह स्नान के दौरान तीन बच्चियां गहरे पानी में डूबने लगीं। घाट पर नाव लेकर पहुंचे श्रीनिवास चौधरी ने दो बच्चियों को बचा लिया, लेकिन करीब 10 वर्षीय शिवांजलि गंगा में लापता हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने बच्ची की तलाश शुरू की। प्रशासन ने तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई है।
पलियां बुजुर्ग गांव निवासी सुनील गोंड़ की बेटी शिवांजलि रविवार सुबह अपनी चचेरी बहन स्वरागिनी और फुफेरी बहन स्नेहा के साथ गंगा स्नान करने गई थी। परिजनों के अनुसार, शिवांजलि करीब 10 वर्ष की थी और बलिया जिले के भरौली स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती थी।
बताया गया कि स्नान करते समय तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। इसी दौरान नाव लेकर पहुंचे श्रीनिवास चौधरी ने स्नेहा और स्वरागिनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि शिवांजलि का पता नहीं चल सका।
हादसे की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ घाट पर जुट गई। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद तहसीलदार महेंद्र बहादुर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने जाल डालकर गंगा में बच्ची की तलाश शुरू की।
तहसीलदार महेंद्र बहादुर ने बताया कि लापता बच्ची की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। समाचार लिखे जाने तक शिवांजलि का पता नहीं चल सका था।

