Ghazipur news: भांवरकोल पखनपुरा अगलगी में खपरैल का मकान जलकर राख, हजारों का सामान स्वाहा

अगलगी में खपरैल का मकान जलकर राख, हजारों का सामान स्वाहा
भांवरकोल। थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से खपरैल के मकान में आग लग गई। इस अगलगी की घटना में घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, तब तक गृहस्थी का लगभग सारा सामान नष्ट हो चुका था।
बताया जाता है कि गांव निवासी नसीर खां अपनी बहन कैशर परवीन के साथ रहते हैं। सब्बेरात त्योहार के अवसर पर दोनों अपने पुरखों की कब्र पर फातिहा पढ़ने गए हुए थे। इसी दौरान उनके घर में आग लग गई। जब वे वापस लौटे तो ग्रामीण आग बुझाने में जुटे हुए थे।
आग की चपेट में आकर कैशर परवीन की शादी के लिए रखा गया टीवी, फ्रिज, पंखा, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर बुधवार को मौके पर पहुंचे स्थानीय लेखपाल संतोष कुमार राय ने नुकसान का आकलन कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी















