Ghazipur news: भांवरकोल बढ़नपुरा बालू लदे ट्रेलर का टायर फटा, दो घंटे लगा जाम, बड़ा हादसा टला

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के बढ़नपुरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब बिहार के बिक्रमगंज से बालू लादकर गोरखपुर जा रहे एक ट्रेलर का अगला टायर तेज आवाज के साथ फट गया। अचानक हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग किसी अनहोनी की आशंका में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
टायर फटने के बाद ट्रेलर सड़क पर ही खड़ा हो गया, जिससे एनएच-31 पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेलर का नंबर बीआर-28 जीबी 5636 बताया गया है। चालक प्रमोद यादव ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह ट्रेलर को सड़क किनारे कराया, तब जाकर जाम खुल सका।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लंबे समय तक जाम लगे रहने से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़नपुरा स्थित सकरी पुलिया सैकड़ों वर्ष पुरानी है और अत्यंत जर्जर अवस्था में है। इसकी चौड़ाई कम होने के कारण प्रतिदिन, विशेषकर शाम के समय, यहां जाम की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पुलिया के चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग वे लंबे समय से प्रशासन से करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया को दुरुस्त नहीं किया गया तो भविष्य में यहां बड़ा हादसा हो सकता है।















