Ghazipur news: भांवरकोल मच्छटी चौकी के पास चौबीस घंटे से खराब पड़ा ट्रक,लगा जाम

भांवरकोल। स्थानीय थाना क्षेत्र के मच्छटी पुलिस चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गुरुवार को बालू लदा ट्रेलर अचानक खराब हो जाने से लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार गाजीपुर की ओर जा रहा ट्रेलर दिन में करीब तीन बजे गुला (एक्सल का हिस्सा) टूटने के कारण सड़क पर ही खड़ा हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना के बाद ट्रेलर को ठीक करने के लिए मिस्त्री बुलाया गया, लेकिन वह मरम्मत करने में सफल नहीं हो सका। परिणामस्वरूप 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि दूसरे कुशल मिस्त्री को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। जैसे ही ट्रेलर ठीक होगा, उसे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा। बालू लदा होने के कारण ट्रेलर को सड़क से हटाना भी संभव नहीं हो पा रहा है।
फिलहाल चालक और ट्रेलर स्वामी कुशल मिस्त्री की तलाश में निकले हुए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई अता-पता नहीं चल सका था।
गौरतलब है कि इस राजमार्ग पर आए दिन भारी वाहन खराब हो जाते हैं, जिससे जाम लगना आम बात हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब इस क्षेत्र में राजमार्ग का बिना जाम के सुचारू रूप से चलना ही आश्चर्य की बात हो गई है।
हालांकि मौके पर मौजूद उपेडा कर्मचारियों के प्रयास से रेंग-रेंग कर ही सही, लेकिन यातायात किसी तरह आगे बढ़ रहा है। बावजूद इसके 24 घंटे से लगातार जाम बने रहना संबंधित विभागों की लापरवाही को दर्शाता है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया की ट्रक खराब होने का मामला संज्ञान में है ट्रक को जल्द ठीक करने का निर्देश दिया गया है जल्द ही यातायात सुचारू रुप से चालू होगा















