top newsउत्तरप्रदेशगाजीपुरगाजीपुर न्यूज़गाजीपुर समाचारबेकिंग न्यूज़ब्रेकिंगभांवरकोलसड़क दुघर्टना

Ghazipur news: भांवरकोल में भीषण सड़क हादसा, धान लदे ट्रक से टकराई बोलेरो, दो घायल


भांवरकोल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सजना गांव के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बोलेरो अनियंत्रित होकर धान लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना में बोलेरो चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 14 घंटे तक जाम लगा रहा, जो दोनों वाहनों को हटाए जाने के बाद दोपहर 2 बजे सामान्य हो सका।

मिली जानकारी के अनुसार, वीरपुर गांव से बोलेरो (UP65 BL 8778) में सात लोग सवार होकर भरौली (बलिया) तिलक समारोह में गए थे। रात करीब 11 बजे सभी लोग कार्यक्रम समाप्त कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सजना गांव के पास मोहम्मदाबाद की ओर जा रहे धान लदे ट्रक (BR 24 GL 6981) में पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में बोलेरो चालक छोटेलाल घायल हो गया, जबकि उसके बगल में बैठे विक्रम चौधरी (32 वर्ष) की कमर की हड्डी टूट गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विक्रम चौधरी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और अपने घर लौट गए।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों वाहनों के बीच फंसे रहने के कारण लंबा जाम लग गया, जो दोपहर 2 बजे वाहनों को हटाए जाने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हुआ।

इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यातायात सुचारू कराने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button