Ghazipur News: मोहांव गोलीकांड : आत्मसमर्पण के बाद पुलिस मुठभेड़ में ग्राम प्रधान संजय बिंद घायल

Published:


दोनों पैरों में लगी गोली, घटना में प्रयुक्त पिस्टल, खोखा और कारतूस बरामद; सदर अस्पताल में भर्ती

गाजीपुर। मोहांव गोलीकांड के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान संजय बिंद को पुलिस ने आत्मसमर्पण के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कराने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, मोहांव गांव में जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में अजय पासी की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि सुरेंद्र राम घायल हुए थे। इस मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 817/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को आरोपी संजय बिंद ने कोतवाली में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में संजय बिंद ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कराने की बात कही। बरामदगी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .32 बोर की एक पिस्टल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि संजय बिंद के खिलाफ कोतवाली में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 का मारपीट और अन्य धाराओं का मामला, वर्ष 2025 का धोखाधड़ी से संबंधित मामला तथा वर्ष 2026 का एक अन्य मुकदमा शामिल है। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से अभियोग दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़