गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के बढ़ानपुरा व कुंडेसर ग्रामों में अर्धरात्रि के दौरान दो लोगों को जहरीले सांप ने डस लिया। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
बढ़ानपुरा ग्राम निवासी कार्तिक शर्मा (13 वर्ष) पुत्र संजय शर्मा अपनी मां के साथ सोया हुआ था। इसी दौरान अर्धरात्रि में उसे सांप ने डस लिया। उसने तत्काल अपनी मां को जानकारी दी। परिजन उसे लेकर रसूलपुर मिशन पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी स्थिति गंभीर देख मऊ के फातिमा हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां वह उपचाराधीन है।
वहीं, इसी रात कुंडेसर ग्राम निवासी गोविंद कन्नौजिया (20 वर्ष) पुत्र वशिष्ठ कन्नौजिया को भी चौकी पर सोते समय जहरीले सांप ने काट लिया। उसने तत्काल अपनी मां लीलावती देवी को बताया। परिजन उसे लेकर रसूलपुर मिशन पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मऊ फातिमा हॉस्पिटल रेफर कर दिया। उसकी स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है।
