रिपोर्ट चन्दन पांडेय
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर माधवपुर गांव में नाली विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला की मौत अस्पताल ले जाते समय हो गई। घटना के बाद मृतका के पुत्र ने चार लोगों को नामजद करते हुए थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार की सुबह नाली को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान अनीता देवी पत्नी स्वर्गीय सतनारायण राम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि दो अन्य लोग भी चोटिल हुए। घायल अनीता देवी व अन्य को प्राथमिक उपचार के लिए बाराचवर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें गाजीपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मृतका के पुत्र मुनिदेव कुमार सरोज ने तहरीर में आरोप लगाया है कि नाली विवाद को लेकर रामायण पासी सहित चार लोगों ने लोहे की रॉड व ईंट-पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मां की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामायण पासी सहित चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।







