Ghazipur news: भांवरकोल नरसिंहपुर गांव में लाखों की चोरी,जांच में जुटी पुलिस


भांवरकोल। थाना क्षेत्र के धनेठा ग्राम पंचायत के सम्मिलित पुरवा नरसिंहपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने रामनिवास यादव घर को निशाना बनाते हुए एक लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया है।
बताया गया कि घटना के समय घर की महिलाएं अमरूपुर तरका गांव में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में प्रवचन सुनने गई थीं। देर रात जब वे घर लौटीं तो घर में रखा ताला टूटा हुआ मिला। अंदर बक्सों में रखे परिवार की तीन महिलाओं के सोने-चांदी के गहने गायब थे। चोरी गए गहनों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया। इसके बाद थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से जानकारी ली।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया घर में किसी प्रकार की तोड़फोड़ के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला परिवार के किसी नजदीकी संबंधी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
चोरी की इस वारदात के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।















