Chandauli news चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवदासीपुर गांव में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सोमवार सुबह सामने आया, जब गांव निवासी रामप्रवेश तिवारी ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान के सामने खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर ली। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो ट्रैक्टर की बैटरी गायब मिली, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त प्रभावी नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस घटना के बाद पीड़ित रामप्रवेश तिवारी ने मामले की सूचना सकलडीहा पुलिस को दे दी है और चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर चोरों तक कब पहुंचा जाता है और क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर कब लगाम लगती है।
Published:

