गाजीपुर। गांधी जयंती पर शुक्रवार को भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर रद्द करने की मांग को लेकर शहर में मार्च निकाला। ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे लगाते हुए कार्यकर्ता पार्टी जिला कार्यालय से निकले और सरयू पांडेय पार्क पहुंचकर सभा में शामिल हुए।
मार्च का नेतृत्व केंद्रीय कमेटी सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा और जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने किया। कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में नारेबाजी करते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई। सभा में ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने आरोप लगाया कि एसआईआर के चलते पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के मताधिकार और नागरिकता पर असर पड़ सकता है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला दिया।
जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, एसआईआर रद्द करने तथा मतदाता सूची से बाहर किए गए लोगों के नाम दोबारा जोड़ने की मांग की गई। इसके साथ ही एसआईआर के जरिए हुए विधानसभा चुनावों को रद्द कर पुनः चुनाव कराने समेत अन्य मांगें भी रखी गईं।

