गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र की पहल से पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों में पांच परिवारों के बीच सुलह कराई गई। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मध्यस्थता के माध्यम से बिना किसी दबाव के आपसी गिले-शिकवे दूर कराए गए। इसके बाद पांचों दंपती को राजी-खुशी साथ रहने के लिए विदा किया गया।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के विवाद से संबंधित कुल 16 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें लंबे समय से विवादित चल रहे पांच मामलों में दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत कराई गई। समझौते के बाद दंपती ने साथ रहने पर सहमति जताई और उनकी सकुशल विदाई कराई गई।
इसके अलावा तीन प्रकरणों में कुशलता की जानकारी मिलने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई, जबकि तीन मामलों में विधिक सुझाव देते हुए पत्रावली का निस्तारण किया गया। शेष मामलों में अभी मध्यस्थता नहीं हो पाने के कारण अगली तारीख निर्धारित की गई है।
परिवार परामर्श केंद्र की इस कार्रवाई में काउंसलर कमरुद्दीन, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू मिश्रा, महिला आरक्षी सविता, रागिनी, संध्या, अभिलाषा और आरक्षी शिवशंकर यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

