गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित सभागार में गुरुवार को निवर्तमान पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईरज राजा के स्थानांतरण पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। डॉ. ईरज राजा का स्थानांतरण गाजीपुर से बलिया पुलिस अधीक्षक के पद पर हुआ है। समारोह में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस लाइन के कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसपी डॉ. ईरज राजा के करीब दो वर्ष तीन माह के कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. ईरज राजा भावुक नजर आए। उन्होंने गाजीपुर पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी तत्परता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। टीम के सामूहिक प्रयास से जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आगे भी इसी ऊर्जा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक (आरआई), थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने निवर्तमान एसपी को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट किए। अधिकारियों ने उन्हें बलिया में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में जिले के सभी थानों के प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

