शिकायतकर्ताओं ने डीएम से की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग
गाजीपुर। नलकूप विभाग में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत संतोष कुमार के शैक्षिक अभिलेखों को लेकर शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता शिवराज यादव और जय कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अभिलेखों में जन्मतिथि और अन्य विवरणों में अंतर होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, संतोष कुमार पुत्र मिठाई राम निवासी कुंवरपुर, पोस्ट तुरना, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर ग्राम पंचायत भवानीपुर, विकास खंड देवकली, तहसील सैदपुर में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत पत्र में उनके हाईस्कूल के शैक्षिक अभिलेखों का विवरण देते हुए सत्यापन कराने की मांग की गई है।
शिकायत पत्र के मुताबिक, वर्ष 2003 के हाईस्कूल अंकपत्र में संतोष कुमार एक विषय में अनुत्तीर्ण थे। इस अंकपत्र पर उनकी जन्मतिथि चार मई 1989 और अनुक्रमांक 1555046 दर्ज है। इसमें विद्यालय का नाम शहीद स्मारक इंटर कॉलेज, नंदगंज, गाजीपुर अंकित है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वर्ष 2004 में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अंकपत्र पर जन्मतिथि 14 मई 1989 और अनुक्रमांक 1729779 दर्ज है। इस पर विद्यालय का नाम श्री पलकधारी यादव इंटर कॉलेज, तुरना, गाजीपुर अंकित है।
वहीं, वर्ष 2005 के हाईस्कूल अंकपत्र में जन्मतिथि 20 जुलाई 1987 और अनुक्रमांक 2528975 दर्ज होने की बात कही गई है। इस अंकपत्र पर विद्यालय का नाम गौतम इंटर कॉलेज, खुटवां सौरी, शादियाबाद, गाजीपुर बताया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने शैक्षिक अभिलेखों में दर्ज विवरणों का हवाला देते हुए जिलाधिकारी से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए हालांकि लगाये गये आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।


