दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग(Food Safety Department) का एक्शन, सहायक आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर तेज हुआ जांच अभियान
चंदौली, 31 अक्टूबर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रतिष्ठान की निर्माण इकाई में निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी मिलने पर यह कार्रवाई की गई। वहीं, चहनिया स्थित आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न कस्बों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।

गंदगी मिलने पर विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस निलंबित
पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई का राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की। इसके बाद सहायक आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा, अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में मिली कमियों को लेकर संबंधित कारोबारियों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए।
आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में चहनिया कस्बे स्थित आर्य स्वीट हाउस पर औचक छापेमारी की। इस दौरान दुकान से बर्फी और चाट के नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। टीम ने मिठाई बनाने वाले स्थान का भी निरीक्षण किया और संचालक को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
मिलावटखोरों पर होगी सख्त कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के प्रति विभाग शून्य सहनशीलता की नीति अपनाएगा। नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव, अरविंद कुमार और विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

