वाराणसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम, दूसरा घायल; प्रधान पर फायरिंग का आरोप
गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव के पास पासीपुरवा में सोमवार की रात जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद हुई फायरिंग में गोली लगने से घायल दो युवकों में एक की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे तालाब के किनारे आठ से दस लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम सभा बकराबाद के प्रधान संजय बिंद पुत्र फिरंगी अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे। जुआ खेलने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बीच संजय बिंद ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से मोहांव, महाराजगंज निवासी अजय पासी (28) पेट के बाईं तरफ और इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र राम (35) दाहिने हाथ में घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया, जबकि सुरेंद्र का इलाज जारी है। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं।
अजय तीन बहनों में इकलौता भाई था। मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी तीन वर्षीय बेटी लाडो है। पति की मौत से पत्नी अपर्णा पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पति पांच मिनट में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनकी मौत की खबर मिली। पत्नी ने मामले में न्याय की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन कर आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


