स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बिहार के तीन और गाजीपुर का एक आरोपी शामिल
गाजीपुर। स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.904 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि बनारस-गोरखपुर हाईवे पर अरशदपुर तिराहे के पास मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त कुछ लोग मौजूद हैं। इस पर स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान और जंगीपुर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक ओम प्रकाश ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.904 किलोग्राम हेरोइन और चार मोबाइल फोन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के कैमूर जिले के कुड़नी थाना क्षेत्र के बनका बउआरा गांव निवासी जमीर हवारी (25), नुआंव थाना क्षेत्र के कारी राम गांव निवासी बबलू कुमार यादव (25) और गुलशन कुमार (22) तथा गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी विवेक यादव (20) शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में जंगीपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 240/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही तस्करी के नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों का पता लगा रही है। मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


