करंडा। छठ पूजा के मद्देनजर भवानीपुर उर्फ तिवारीपुर गांव से गंगा घाट तक जाने वाले रास्ते की ग्रामीणों के सहयोग से साफ-सफाई कराई गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद कुमार प्रजापति ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान रास्ते पर फैली गंदगी और झाड़ियों को साफ किया गया, जिससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक आने-जाने में परेशानी न हो। क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद कुमार प्रजापति ने कहा कि छठ महापर्व पर घाट तक पहुंचने वाले रास्ते को साफ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों के सहयोग से यह पहल की गई है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने ग्रामीणों से पर्व के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील की।






