चंदौली। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्णानंद पांडेय दीनदयाल नगर में आयोजित छठ महापर्व में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को विधि-विधान से संध्या अर्घ्य अर्पित किया और भगवान सूर्यदेव एवं छठी मइया से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर डॉ. पांडेय ने क्षेत्र की माताओं-बहनों एवं समस्त क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता और धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है। यह पर्व संदेश देता है कि जिसका अस्त होता है, उसका उदय भी निश्चित है। इसलिए जीवन की कठिन परिस्थितियों में निराश होने के बजाय विश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है। इस पर्व पर समाज के सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर सूर्यदेव की आराधना करते हैं। यही भारतीय संस्कृति की वास्तविक पहचान और सामाजिक एकता की ताकत है।
अंत में उन्होंने छठी मइया से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

