Ghazipur News: व्यापारी से मारपीट पर भड़का आक्रोश, बाजार बंद कर थाने पहुंचे कारोबारी

Published:



जंगीपुर। दुकान में घुसकर व्यापारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गुरुवार को व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतर आए। उन्होंने जुलूस निकालकर बाजार की दुकानें बंद कराईं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जंगीपुर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर लेकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।
नगर के वार्ड नंबर 11 गांधी नगर निवासी महेश गुप्ता मंसूरी कटरा में किराने की आढ़त चलाते हैं। बताया गया कि गुरुवार को उनकी दुकान के पीछे ट्रक से किराने का सामान उतारकर गोदाम में रखा जा रहा था। इसी दौरान तारनपुर गांव के कुछ लोग बाइक से वहां पहुंचे। ट्रक को साइड कराने को लेकर चालक से उनका विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों लोगों ने पहले ट्रक चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद वे महेश गुप्ता की दुकान में घुस गए और उनके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर जुट गए। व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित व्यापारी से माफी की मांग को लेकर जुलूस निकाला। मंडी समिति से शुरू हुआ जुलूस बाजार के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरा। इस दौरान व्यापारियों ने दुकानें बंद कराईं और बाद में थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया।
थानाध्यक्ष के मौके पर नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी दिखाई दी। उन्होंने नारेबाजी करते हुए पुलिस अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व्यापारी से तहरीर ली और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़