गाजीपुर। भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान पुलिस और राजस्व टीम पर हुए हमले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर हमले में घायल उपनिरीक्षक का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार जनता दर्शन में छह अगस्त को प्रमिला देवी ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की और कब्जा दिलाने की कार्रवाई करते हुए सीमा चिन्ह स्थापित किए थे। आरोप है कि बाद में विपक्षी पक्ष ने सीमा चिन्ह उखाड़ दिए।
मामला दोबारा संज्ञान में आने पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान विपक्षी पक्ष की ओर से लाठी-डंडों से टीम पर हमला किए जाने का आरोप है। घटना में एक उपनिरीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
डीएम ने कहा कि सरकारी टीम पर हमला करना गंभीर अपराध है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई और जिला बदर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भूमि विवाद समेत किसी भी मामले का समाधान कानून हाथ में लेकर नहीं, बल्कि विधिक प्रक्रिया के तहत कराया जाना चाहिए। पुलिस, राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट, धमकी या सरकारी कार्य में बाधा डालने की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

