जिला मुख्यालय पर निजी विद्यालय में हुआ आयोजन, संगठन की मजबूती और विस्तार पर दिया गया जोर
चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित एक निजी विद्यालय के प्रांगण में रविवार को विश्व हिंदू महासंघ का जिला स्तरीय संगठन गठन एवं विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय मंत्री रघुवीर सिंह एवं जिलाध्यक्ष शिवाजी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिवाजी सिंह ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक संगठन के उद्देश्यों एवं कार्यों को पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसे आम जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। संगठन के विस्तार के लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन से ही संभव है।
इस अवसर पर राजन सिंह, संतोष सिंह, पंकज सिंह, अजय सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, हर्षित तिवारी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


