गाजीपुर। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, अधिकारियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संभ्रांत नागरिकों ने सड़क, विद्युत समेत विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, अफवाह या सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। ऐसी कोई सूचना प्राप्त होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि उसकी जांच कर समय से आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें अथवा फोटो पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
डीएम ने दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर आयोजकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडाल की सजावट में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न किया जाए। प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त व्यवस्था हो तथा सड़क के किनारे पंडाल न लगाए जाएं। पंडालों में रेत, पानी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंडालों का पूर्व में निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और पंडालों में अश्लील गाने किसी भी स्थिति में नहीं बजाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
जर्जर तार और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
डीएम ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को जर्जर तार एवं खंभों को दुरुस्त करने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से मूर्ति विसर्जन के दौरान आने-जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर ढीले और लटके हुए जर्जर विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा गया।
महिला सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगी टीमें
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिला सम्मान एवं सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड की टीमें सक्रिय रहेंगी, जबकि विभिन्न पूजा पंडालों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रहे। डीएम ने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाए जाएं और किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं शहरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, संबंधित अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे।

