गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र को सेवराई तहसील से जोड़ने वाले फिरोजपुर-बारा पीपा पुल पर बुधवार सुबह10 बजे से वाहनों का परिचालन फिर से शुरू हो जायेगा। मंगलवार की देर शाम लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि 29 अप्रैल को आई भीषण आंधी और बारिश के कारण यह पुल दो हिस्सों में टूट गया था। इस पुल के निर्माण में प्रयुक्त कुल 97 पीपों में से 86 पीपे तेज बहाव और हवा के दबाव से एक-दूसरे से अलग हो गए थे। पुल टूटने के कारण क्षेत्र के लोगों को 40 से 50 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुँचना पड़ रहा था।जिससे समय और ईंधन दोनों का भारी नुकसान हो रहा था।
लोक निर्माण विभाग के निर्देश पर पिछले 5 दिनों से मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा था। सहायक अभियंता लोक निर्माण खंड प्रथम रामवीर सिंह की देखरेख में 26 श्रमिकों ने कड़ी मशक्कत के बाद बिखरे हुए पीपों को एक पंक्ति में व्यवस्थित किया।
पुल को सुरक्षित और स्थिर रखने के लिए सैकड़ों बोरी बालू का उपयोग कर कई स्थानों पर ‘लंगडी’ (एंकरिंग) डाली गई है। अंतिम चरण में चक्कर प्लेट बिछाने, रेलिंग लगाने और लकड़ी के स्लीपरों को दुरुस्त करने का काम मंगलवार देर शाम तक पूरा कर लिया गया। सहायक अभियंता रामवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम को पीपा पुल का मरम्मत्कार पूर्ण कर पैदल यात्रियों और बाइक सवारों के लिए रास्ता खोल दिया गया था, जबकि बुधवार सुबह 10 बजे के बाद अन्य हल्के चार पहिया वाहनों का आवागमन भी सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया जायेगा। विदित हो कि पुल चालू होने से भांवरकोल और सेवराई क्षेत्र के दर्जनों गांवों का पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और मुहम्मदाबाद तहसील इलाके के विभिन्न गांवों से संपर्क पुनः स्थापित हो जायेगा।
Published:


