
गाजीपुर। ओम प्रकाश राय के प्रथम जनपद आगमन पर मंगलवार को समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान आयोजित सभा में उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राय ने कहा कि देश में तेजी से बढ़ती जनसंख्या सामाजिक संतुलन और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi से जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी इस दिशा में प्रभावी कानून बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “यदि समय रहते जनसंख्या नियंत्रण पर निर्णायक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में राजनीतिक और सामाजिक संतुलन प्रभावित हो सकता है।” इस दौरान उन्होंने “जनसंख्या नियंत्रण कानून लाओ, देश बचाओ” और “जागो हिंदू जागो” जैसे नारों के साथ लोगों को संबोधित किया।
ओम प्रकाश राय ने कुछ राजनीतिक दलों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति देशहित के लिए घातक साबित हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि परिषद की लड़ाई किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं बल्कि राष्ट्रहित और सामाजिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार जल्द इस विषय पर निर्णय नहीं लेती तो विश्व हिंदू रक्षा परिषद देशव्यापी आंदोलन चलाने को मजबूर होगी।
कार्यक्रम में निमेश राय, धनंजय राय ‘टुन्नु’, शशांक राय, संजय राय, कृष्णानंद उपाध्याय, डिम्पल राय, जितेंद्र नाथ राय और विकास राय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



