
कुंडेसर (गाजीपुर)।
132 केवी विद्युत उपकेंद्र (केबी) कुंडेसर पर कार्यरत एसएसओ इंचार्ज शंभू सिंह यादव के सेवानिवृत्त होने पर सोमवार को कर्मचारियों द्वारा भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित जूनियर इंजीनियर (जेई) एवं कर्मचारियों ने शंभू सिंह यादव के 34 वर्षों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें कर्मठ, ईमानदार, मिलनसार और नेकदिल अधिकारी बताया। सभी ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और कहा कि उनका व्यवहार तथा कार्यशैली हमेशा विभाग के लिए प्रेरणादायी रही।
विदाई समारोह के दौरान शंभू सिंह यादव काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अपने सेवाकाल की यादों को साझा करते हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के उपरांत उन्होंने उपस्थित सभी लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था कराई।
बताया गया कि शंभू सिंह यादव ने विद्युत विभाग में 34 वर्षों तक सेवा दी, जिसमें 32 वर्ष 132 केवी उपकेंद्र अंधऊ तथा 2 वर्ष 132 केवी उपकेंद्र कुंडेसर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उनके सकुशल सेवानिवृत्त होने पर परिवार के सदस्यों में भी खुशी का माहौल रहा।
विदाई समारोह में छात्रसंघ महामंत्री राजू लाल यादव (SSPGC), विवेक यादव, अनिल, अवनीश मास्टर, रामबचन दरोगा, मुमताज़, प्यारे, धर्मेंद्र, रामनिवास, दयाशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


