गाजीपुर। नोनहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर एक 12 वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की सक्रियता से परिवार ने राहत की सांस ली और टीम का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम जाफरपुरा निवासी रंजीत कुमार (12 वर्ष) पुत्र सुरेश राम रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। सूचना मिलने पर नोनहरा थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को अटवा मोड़ के पास एक बालक अकेले घूमता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत कुमार बताया। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उसकी पहचान कराई, जिसके बाद बालक को सकुशल उसके पिता सुरेश राम के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने पुत्र को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने नोनहरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी, कांस्टेबल विरेंद्र सोनकर, कांस्टेबल अभिजीत सिंह एवं महिला कांस्टेबल अनुराग सिंह शामिल रहे।
Published:

