
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मुहम्मदाबाद नगर पालिका परिषद में कार्यरत एक संविदा सफाईकर्मी का शव रविवार सुबह खेत की मेड़ पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सेमरा हाल पता बड़की बारी नई बस्ती निवासी गुड्डू रावत (50) पुत्र स्व. हरदेव रावत का शव रविवार सुबह करीब 5:30 बजे साईं मुहल्ला शहनिनद से नगर पालिका जाने वाले मार्ग के किनारे स्थित खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि गुड्डू रावत नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में संविदा सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह करीब 5 बजे वह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, रात करीब 8 बजे उनकी बड़े पुत्र रंजीत रावत से फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद रविवार सुबह उनका शव बरामद हुआ।
मृतक अपने पीछे पत्नी रीना देवी तथा चार पुत्र—रंजीत, कृष्ण, गुलशन और मिश्री रावत—को छोड़ गए हैं। परिजनों ने किसी भी प्रकार के विवाद या रंजिश से इनकार किया है।
पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


