Ghazipur Police । अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार की रात थाना रामपुर मांझा पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर गौ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, बोलेरो वाहन और तीन गोवंश बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान चीता मोबाइल से सूचना मिली कि एक बोलेरो पियरी से चकेरी की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चकेरी चौराहा मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई संतुलित जवाबी फायरिंग में कमलेश बिंद के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीएचसी देवकली भेजा गया। वहीं मौके से सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश बिंद (32) निवासी सहेड़ी, थाना नंदगंज और सोनू यादव (29) निवासी पचरासी, थाना नंदगंज, गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, सफेद रंग की बोलेरो और तीन गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सोनू यादव के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कमलेश बिंद के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह मय पुलिस टीम, थाना रामपुर मांझा, जनपद गाजीपुर शामिल रही।
Ghazipur News रामपुर मांझा पुलिस और गौ तस्कर की मुठभेड़,दो गिरफ्तार; तीन गोवंश व बोलेरो बरामद
