गाजीपुर। लंका स्थित श्याम होटल के सभागार में बुधवार को विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद गाजीपुर की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें वर्ष 2026 में राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक संतोष कुशवाहा को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा रहीं, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनंत सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद एसोसिएशन की ओर से राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक संतोष कुशवाहा को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा का भी पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
वक्ताओं ने संतोष कुशवाहा के कार्य व्यवहार और शिक्षण कार्यों की प्रशंसा की। बताया कि उन्होंने विज्ञान शिक्षक के रूप में विद्यालय में बेहतर शिक्षण कार्य के साथ ही स्काउट शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके प्रयासों से पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या मनिहारी की शैक्षिक गतिविधियों में बदलाव आया है।
संतोष कुशवाहा ने विशिष्ट बीटीसी 2004 बैच के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया था। वर्ष 2006 में मनिहारी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर उनकी तैनाती हुई। वर्ष 2013 में पदोन्नति के बाद वह पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या मनिहारी में विज्ञान शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। वह मनिहारी ब्लाक के स्काउट शिक्षक होने के साथ ही विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के मनिहारी ब्लाक अध्यक्ष भी हैं। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए वर्ष 2026 में उन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार मिला। शिक्षक दिवस पांच सितंबर को मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था।
मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने संतोष कुशवाहा को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त कर संतोष कुशवाहा ने बेसिक शिक्षा विभाग और जनपद गाजीपुर का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षण कार्य में इसी तरह बेहतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया, ताकि आने वाले समय में जनपद के अन्य योग्य शिक्षकों को भी राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनंत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डाॅ. दुर्गेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष विजय नारायण यादव, महामंत्री प्रमोद उपाध्याय, संयुक्त मंत्री आनंद सिंह, जिला सचिव राजेश गिरि, संजय दूबे, हरिद्वार सिंह, महिला प्रकोष्ठ की सुमन सिंह, बबिता पांडेय, प्रीति सिंह, शालिनी सिंह, बीना मिश्रा, ब्लाक अध्यक्ष अनिल कुमार, एसएन सिंह, राजकुंवर यादव, रामबिलास कुशवाहा, सतीश सिंह, ओमप्रकाश मनीष, विश्वास मणि सिंह, अशोक यादव, अजय श्रीवास्तव, अनिल पांडेय, धनंजय सिंह, सुधाकर सिंह, प्रदीप पाठक, अजीत पांडेय, इनायतुल्ला खान, अंजनी यादव, संत कुमार गुप्ता, कृष्णा यादव, सुरेश चौरसिया, प्रेम यादव, अरविंद सिंह, सुनील सिंह, कन्हैया सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक अश्विनी राय और जिला स्काउट शिक्षक श्रीकांत कुमार समेत सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे। अंत में जिलाध्यक्ष अनंत सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताया।

