सैदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के तहत नगर पंचायत क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल के पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद बच्चियों ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया। बच्चियों के स्वागत से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। इसके बाद केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस मनाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और जरूरतमंदों के कल्याण के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़े रहे हैं। जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने के अवसर के रूप में मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय, मंडल अध्यक्ष विजय यादव, सुधीर पाटिल, मार्कंडेय सिंह, दिलीप सोनकर, अखिलेश कुशवाहा, भरत यादव, रजनीकांत पांडेय, अनूप जायसवाल, अनुराग और आदिल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, बच्चियां, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
317 दिव्यांगजनों को बांटे गए सहायक उपकरण
गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में सामाजिक अधिकारिता शिविर आयोजित किया गया। भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना और एडिप योजना के तहत एलिम्को, कानपुर तथा जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित शिविर में 317 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।
लाभार्थियों को व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, कान की मशीन, छड़ी, बैसाखी, कमोड चेयर, घुटने और कमर की बेल्ट सहित विभिन्न उपकरण दिए गए। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना और कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जखनियां विधायक बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, अभिनव सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद और एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा समेत अन्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

