गाजीपुर। दो हजार रुपये से अधिक के चुनिंदा व्यापारी यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जनजागरण अभियान चलाया। इसी क्रम में कार्यकर्ता राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत के आवास पहुंचे और उनके प्रतिनिधि डॉ. अवधेश बिंद को प्रतीकात्मक रूप से ‘यूपीआई वाला तोहफा’ सौंपा। सामान के साथ उसका क्यूआर कोड भी दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से व्यापारियों के बीच डिजिटल लेनदेन से जुड़ी लागत को लेकर जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जब डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है, ऐसे में व्यापारियों पर अतिरिक्त लागत को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि व्यापारी वर्ग के सामने पहले से कई तरह की आर्थिक चुनौतियां हैं। सरकार को व्यापारियों को राहत देने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बाजारों में व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सामने रखेंगे।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि कार्यक्रम किसी व्यक्ति के जन्मदिन के विरोध में नहीं, बल्कि व्यापारियों और मध्यम वर्ग की आर्थिक चिंताओं को प्रतीकात्मक रूप से सामने रखने के लिए किया गया। उन्होंने दो हजार रुपये से अधिक के चुनिंदा पी2एम लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर की व्यवस्था को लेकर सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की।
इस दौरान अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, सुमन चौबे, विद्याधर, राजेश गुप्ता, राजीव सिंह, राम नगीना पांडेय, डॉ. नसीम अख्तर, गुड्डू, शंभू कुशवाहा, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, अखिलेश यादव, दिव्यांशु पांडेय, रईस अहमद, रमेश गुप्ता, शबीहूल हसन, अजलाल अब्बासी, सदानंद गुप्ता, राजेश सिन्हा, ताहिर अब्बासी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

