गाजीपुर। मुहम्मदाबाद(Muhammadabad) थाना क्षेत्र में प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एक युवती शुक्रवार तड़के करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। युवती के दोबारा टावर पर चढ़ने की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मौके पर पहुंची और फोन पर बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाती रही, लेकिन युवती प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही। देर शाम तक युवती टावर पर ही मौजूद थी।
बताया गया कि थाना क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती का चकटरफिया गांव निवासी मनजीत चौधरी पुत्र नंदलाल चौधरी से करीब चार साल से प्रेम संबंध है। मनजीत बेंगलुरु में निजी नौकरी करता है। युवती का आरोप है कि पिछले वर्ष मनजीत शादी का वादा कर उसे बेंगलुरु ले गया था। बाद में परिवार के दबाव में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती की शिकायत पर करीब छह माह पहले पुलिस ने मनजीत के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा था।
युवती का कहना है कि जेल में रहने के दौरान मनजीत ने उससे शादी करने का वादा किया था। करीब दो माह पहले जमानत पर बाहर आने के बाद उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने 14 सितंबर को भी टावर पर चढ़कर शादी की मांग की थी। तब ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव और प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने समझाकर उसे नीचे उतारा था।
शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे युवती फिर टावर पर चढ़ गई। उसने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी बात बताई और आरोप लगाया कि पिछली बार शादी कराने का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा गया था, लेकिन बाद में कोई पहल नहीं हुई। युवती ने कहा कि जब तक मनजीत से उसकी शादी नहीं कराई जाती, वह नीचे नहीं उतरेगी। साथ ही उसने नीचे उतारने का प्रयास करने पर जान देने की धमकी भी दी।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी लगातार युवती से फोन पर बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। पुलिस के अनुसार, युवती की समस्या का समाधान कराने के लिए संबंधित लोगों से बातचीत की जा रही है।

