गाजीपुर। शहर के प्रमुख चौराहों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर लगाए गए होर्डिंग्स को लेकर सोमवार को सपा नेताओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने होर्डिंग्स को हटवाने और उन्हें लगाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि रातोंरात लगाए गए होर्डिंग्स के जरिए अखिलेश यादव की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से जिले के सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश की गई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गोपाल यादव ने कहा कि यदि अराजक तत्वों को तत्काल चिन्हित कर कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने पुलिस और खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि होर्डिंग्स में जिन नेताओं को माफिया बताया गया है, उनमें कई लोग लोकसभा और विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। उनके अनुसार, इस तरह का चित्रण उन नेताओं को जनप्रतिनिधि चुनने वाली जनता के प्रति भी अपमानजनक है।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक जैकिशन साहू, विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी, पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

