Ghazipur News: छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर हुई बैठक, पात्र विद्यार्थियों के आवेदन पर जोर

Published:


सैदपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना की परीक्षा 2027-28 के ऑनलाइन आवेदन के संबंध में मंगलवार को विकास खंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) सैदपुर में बैठक हुई। बैठक में पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने और जनपद का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. बनानी घोष, प्रवक्ता, मनोविज्ञान केंद्र वाराणसी ने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी योजना का लाभ उठा सकें। जनपद नोडल बिपिन कुमार शुक्ला ने छात्रवृत्ति परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों के अधिक से अधिक आवेदन कराने और आवेदन प्रक्रिया समय से पूरी कराने पर जोर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी सैदपुर उदय चंद राय ने आय और जाति प्रमाणपत्र बनवाने में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि निर्धारित जनपदीय लक्ष्य पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही जनपद को प्रदेश स्तर पर बेहतर स्थान दिलाने के लिए सभी के सहयोग से कार्य करने की बात कही।
बैठक के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर, विकास खंड सैदपुर के प्रधानाध्यापक दिलीप जी, उच्च प्राथमिक विद्यालय इब्राहिमपुर, विकास खंड सादात के प्रधानाध्यापक राजेश राम तथा कंपोजिट विद्यालय राजापुर, विकास खंड देवकली के सहायक अध्यापक अंजर अहमद सिद्दीकी को राज्य स्तर से प्राप्त प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। बताया गया कि इन विद्यालयों के तीन से अधिक विद्यार्थी प्रत्येक वर्ष परीक्षा में सफल होकर छात्रवृत्ति प्राप्त करते हैं, जो उल्लेखनीय उपलब्धि है।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे अपने स्तर से पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी कराएंगे, अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करेंगे और विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़