(रिपोर्ट – गोविंद कुमार प्रजापति)
गाजीपुर। नंदगंज तहसील बनाओ-नगर पंचायत बनाओ संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में मंगलवार को सरजू पांडेय पार्क में विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। मोर्चा अध्यक्ष उमाकांत सिंह उर्फ मोती सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में नंदगंज को तहसील और नगर पंचायत का दर्जा देने, 132 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने तथा गाजीपुर से नंदगंज होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
धरने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र श्रीवास्तव को सौंपा गया। मोर्चा संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ऐतिहासिक महत्व के बावजूद नंदगंज विकास की दौड़ में पीछे है। क्षेत्र की जर्जर सड़कों, विद्युत व्यवस्था और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की समस्या के कारण औद्योगिक विकास भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि नंदगंज को तहसील और नगर पंचायत का दर्जा देने के साथ 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना और ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि बदली भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए नंदगंज को तहसील और नगर पंचायत बनाया जाना जरूरी है। इससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। भाकपा कार्यसमिति सदस्य अमेरिका यादव ने कहा कि नंदगंज लंबे समय से उपेक्षित है और इन मांगों को पूरा किया जाना स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए लोगों के प्रति सम्मान भी होगा।
देवकली ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सच्चे लाल यादव ने कहा कि तहसील और नगर पंचायत बनने से लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी और शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा।
धरने में सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, भाकपा नेता अमेरिका यादव, कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष शशिकांत यादव, सेंट्रल बार संघ अध्यक्ष शिवशंकर यादव, जिला पेंशनर कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। संचालन अभिनव सिंह ने किया। अंत में मोर्चा अध्यक्ष उमाकांत सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया।

