नोनहरा। स्थानीय थाना की साइबर हेल्प डेस्क के प्रयास से यूपीआई फ्रॉड के शिकार व्यक्ति को ठगी गई 2700 रुपये की पूरी धनराशि वापस मिल गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार शहबाजकुली गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद राम के साथ ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से फ्रॉड हुआ था। उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत संख्या 23101260012779 दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि त्रिपाठी और उनकी टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने एमआरएम पोर्टल के माध्यम से फ्रॉड की गई 2700 रुपये की पूरी धनराशि जितेंद्र प्रसाद राम के खाते में वापस करा दी। रकम मिलने के बाद उन्होंने गाजीपुर पुलिस की प्रशंसा करते हुए साइबर हेल्प डेस्क नोनहरा का आभार जताया।

