Ghazipur News: गाजीपुर का नाम ‘गाधिपुरी’ या ‘महर्षि विश्वामित्र नगर’ करने की मांग

Published:




गाजीपुर। जनपद का नाम बदलकर ‘गाधिपुरी’ अथवा ‘महर्षि विश्वामित्र नगर’ किए जाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनपद की प्राचीन ऐतिहासिक और पौराणिक पहचान को देखते हुए नाम परिवर्तन के प्रस्ताव पर शासन को विचार करना चाहिए। ज्ञापन में कहा गया कि गाजीपुर की पहचान ऐतिहासिक, पौराणिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध जनपद के रूप में रही है। विहिप पदाधिकारियों के अनुसार, यहां की प्राचीन परंपराओं का संबंध राजा गाधि और महर्षि विश्वामित्र से माना जाता है। इसी आधार पर जनपद का नाम ‘गाधिपुरी’ या ‘महर्षि विश्वामित्र नगर’ किए जाने की मांग रखी गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने शासन से प्राचीन ग्रंथों, राजस्व एवं प्रशासनिक अभिलेखों, पुरातात्त्विक साक्ष्यों और इतिहास एवं संस्कृति के विशेषज्ञों की राय के आधार पर नाम परिवर्तन के प्रस्ताव की जांच कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रक्रिया के बाद शासन स्तर से उचित निर्णय लिया जाए।
विहिप ने बताया कि मांग के समर्थन में ज्ञापन की प्रतियां जनपद के जनप्रतिनिधियों और संबंधित पदाधिकारियों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
ज्ञापन देने वालों में विहिप जिलाध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव, जिला मंत्री विनीत सिंह, बजरंग दल जिला संयोजक रविराज हिंदू, अभिषेक (आरएसएस), अनुराग चौहान, ओम प्रकाश पांडेय और जिला कोषाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी शामिल रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, राज्यसभा सदस्य संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल को भेजे जाने की जानकारी दी गई।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़