गाजीपुर। थाना बिरनो के साइबर हेल्प डेस्क की पहल से ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए युवक के खाते में 10 हजार रुपये वापस करा दिए गए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी सोनू यादव के साथ यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की गई थी। इसकी जानकारी होने के बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का पंजीकरण संख्या 33106260148259 है।
साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कुमार और उनकी टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी की गई रकम में से होल्ड 10 हजार रुपये को न्यायालय के आदेश के माध्यम से पीड़ित के खाते में वापस कराया। रकम खाते में वापस आने के बाद सोनू यादव ने गाजीपुर पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क बिरनो की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने और साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

