करंडा। विकासखंड की ग्राम पंचायत सुआपुर में वीबी-जी रामजी योजना के तहत कराए जा रहे दो कार्यों में ऑनलाइन मस्टर रोल में 81 मजदूरों की उपस्थिति दर्शाए जाने के बावजूद मौके पर कम मजदूरों के काम करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ए.के. कुमार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले की स्थलीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत सुआपुर में छट्ठू के मशीन से मीरा के खेत तक कच्ची नाली खुदाई तथा उपेंद्र के खेत से विकास के घर के सामने तक बंधा निर्माण कराया जा रहा है। दोनों कार्यों में कुल 81 मजदूरों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्शाई गई है, जबकि मौके पर इससे काफी कम मजदूर काम करते हैं।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पुलिस बल की मौजूदगी में उसकी उपस्थिति में दोनों कार्यस्थलों की जांच कराई जाए। ऑनलाइन मस्टर रोल में दर्ज सभी 81 मजदूरों को मौके पर बुलाकर आधार कार्ड और जॉब कार्ड से पहचान का सत्यापन कराया जाए। मौके पर मजदूरों की स्वतंत्र गणना कराकर उसका ऑनलाइन मस्टर रोल से मिलान कराया जाए। शिकायत में ऑनलाइन अपलोड मजदूरों के फोटो और जियो-टैग फोटो की भी तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि फोटो वास्तव में संबंधित कार्यस्थल पर काम करते समय लिए गए हैं या अन्य स्थानों पर। इसके अलावा दोनों कार्यों की लंबाई, चौड़ाई, गहराई और वास्तविक मात्रा का स्वतंत्र तकनीकी टीम से दोबारा मापन कराकर मापन पुस्तिका और स्वीकृत प्राक्कलन से मिलान कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने जांच पूरी होने तक दोनों कार्यों का भुगतान रोकने और संबंधित मस्टर रोल शून्य करने का भी अनुरोध किया है।
शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन मस्टर रोल, एमआईएस रिकॉर्ड, जियो-टैग फोटो और अन्य डिजिटल अभिलेख सुरक्षित रखने की मांग की है, ताकि जांच के दौरान अभिलेखों में किसी प्रकार का बदलाव न हो सके।
इस संबंध में प्रभारी खंड विकास अधिकारी अब्बास नकवी ने बताया कि शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

