Ghazipur News: पुलिस मुठभेड़, गोवंश तस्कर के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

Published:



गाजीपुर। नोनहरा थाना पुलिस ने रविवार की रात मुठभेड़ के दौरान दो कथित गोवंश तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पंजाब नंबर की डीसीएम और 10 गोवंश बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ रात में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अटवा मोड़ चौकी प्रभारी से सूचना मिली कि संदिग्ध डीसीएम गाजीपुर घाट की ओर से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की तरफ जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर डीसीएम को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें परमजीत सिंह (26) निवासी प्रतापगढ़, थाना कुमकला, जिला लुधियाना के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं मौके से गुरपंत सिंह (25) निवासी लातोनदाना, थाना कुमकला, जिला लुधियाना को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे। बरामद डीसीएम पंजाब प्रांत की बताई गई है। मामले में मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अभियोग दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी और अटवा मोड़ चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम शामिल रही।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़