(रिपोर्ट – गोविंद कुमार प्रजापति)
गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के रामजनपुर गांव के पास सोमवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मेदनीपुर बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक से सड़क पर गिरने के बाद पीछे से आए वाहन की चपेट में आ गए। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार चोचकपुर गांव निवासी अनीश पांडेय (24) पुत्र सुग्रीव पांडेय अपने साथी विकास यादव (18) पुत्र मूरत यादव निवासी बरवा के साथ बाइक से घर लौट रहा था। थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक के अनुसार रामजनपुर गांव के पास अचानक दोनों बाइक से सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से आए किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंडा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख दोनों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां अनीश पांडेय को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं विकास यादव की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अनीश दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता सुग्रीव पांडेय ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

