सैदपुर। पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से कार में लदी 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, मोबाइल फोन और कार बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार शराब को बिहार ले जाने की तैयारी थी।
पुलिस के मुताबिक, एक और दो अक्तूबर की रात ग्राम परमानंदपुर स्थित काली माता मंदिर के पास कुछ लोगों द्वारा कार में शराब लादे जाने की सूचना मिली। इस पर प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव और उपनिरीक्षक शिवमणि सेन ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार में शराब लाद रहे दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि एक युवक को शराब लादते हुए पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी रमन सिंह (19) पुत्र संतोष सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से 750 एमएल की 204 बोतल और 375 एमएल की 264 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 252 लीटर है। इसके अलावा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी मिला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सैदपुर थाने में आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

