चार मोबाइल बरामद, सैदपुर पुलिस ने बड़ेपुर के पास की कार्रवाई
गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली थाना पुलिस ने छिनैती के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल बरामद किए हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, रविवार को उपनिरीक्षक रमेश प्रसाद पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में अभियान के तहत कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर बड़ेपुर गांव के पास मुकदमा संख्या 346/2026 से संबंधित एक युवक और दो बाल अपचारियों को पकड़ा गया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और 317(2) के तहत दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान सुजीत यादव (19) पुत्र सुदर्शन यादव निवासी भीरा बलुआ, थाना सैदपुर, गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, छिनैती से संबंधित एक मोबाइल के अलावा तलाशी के दौरान दो मल्टीमीडिया मोबाइल और एक की-पैड मोबाइल बरामद हुआ। इस तरह कुल चार मोबाइल बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश प्रसाद और उपनिरीक्षक रामचंद्र सिंह पुलिसकर्मियों के साथ शामिल रहे। पुलिस बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

