Chandauli samachar | पत्रकारों की एकजुटता को मिलेगी नई ताकत! मृत्युंजय सिंह बने जिलाध्यक्ष, आनंद सिंह को मिली संरक्षक की जिम्मेदारी,पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने के लिए देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चला रहा संगठन
Chandauli News | पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा की आवाज बुलंद करने वाले संगठन ‘द जर्नलिस्ट एसोसिएशन'(The Journalist Association) ने चंदौली में संगठनात्मक विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनय कुमार वर्मा की संस्तुति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश डी. यादव ने अनुभवी पत्रकार मृत्युंजय सिंह को जनपद का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह को जिला संरक्षक बनाया गया है।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनय कुमार वर्मा ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह(Mrityunjay Singh) को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में जिले के पत्रकारों को एक मजबूत संगठनात्मक मंच मिलेगा और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।

डॉ. वर्मा ने कहा कि ‘द जर्नलिस्ट एसोसिएशन’ राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रहा है। संगठन की मौजूदगी देश के विभिन्न राज्यों में है और पत्रकारों के सम्मान, संवैधानिक अधिकारों तथा हितों की रक्षा के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को लेकर संगठन देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चला रहा है। इसके जरिए केंद्र और राज्य सरकारों का ध्यान पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े सवालों की ओर आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा से संबंधित कानूनों की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी तरह अन्य राज्यों में भी प्रभावी कानूनी व्यवस्था लागू होनी चाहिए, जिससे पत्रकार बिना किसी भय के निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार जनता की समस्याओं और शासन-प्रशासन की गतिविधियों को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
नवनियुक्त जिला संरक्षक आनंद सिंह ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। मौजूदा दौर में पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनका मुकाबला संगठित होकर ही किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में संगठन जनपद में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
वहीं जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उनकी प्राथमिकता जिले के सभी पत्रकारों को एक मंच पर लाना, उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही वरिष्ठ पत्रकारों से विचार-विमर्श कर जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही पत्रकार हितों से जुड़े कार्यक्रम, प्रशिक्षण कार्यशालाएं, विचार गोष्ठियां और जनजागरूकता अभियान आयोजित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

