चंदौली। जिले के सदर विकासखंड अंतर्गत बिसौरी ग्राम पंचायत में विश्व हिंदू महासंघ की ओर से संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय संयोजक परम पूज्य संत सुकेशनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान हिंदू समाज की एकजुटता, सामाजिक समरसता और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिवाजी सिंह ने कहा कि समाज को संगठित करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान मुख्य अतिथि संत सुकेशनाथ के साथ राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों का अंगवस्त्र भेंट कर और माल्यार्पण करके सम्मान किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री रघुवीर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष शिव विराज शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में गरिमा सिंह, प्रतिभा पाल और विपिन पांडेय ने भी अपने विचार रखे। वहीं जिला संगठन की ओर से राजन सिंह, जिला महामंत्री संतोष सिंह, जिला उपाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
बैठक के अंत में संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा समाज में एकता और समरसता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

